कोविड 19 वैश्विक महामारी से बचाव एवं इसके प्रसार को नियंत्रित करने के उद्देश्य


रिपोर्टः
डीके पंडित
गयाबिहार
 कोविड 19 वैश्विक महामारी से बचाव एवं इसके प्रसार को नियंत्रित करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा अंबेडकर छात्रावास, टिकारी में संचालित सामुदायिक रसोई, अनुमंडलीय अस्पताल, टिकारी, एएनएम ट्रेनिंग स्कूल, टिकारी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोंच का औचक निरीक्षण किया गया। 
                    बिहार सरकार के निदेशानुसार निर्धन, निराश्रित एवं अन्य निशक्त लोगों को पौष्टिक एवं शुद्ध भोजन सामुदायिक रसोई के माध्यम से निर्बाध रूप से दिया जा रहा है। बिहार में सभी जगहों पर सामुदायिक रसोई चलाये जा रहे हैं। खासकर वैसे लोग जो अपने घरों से दूर हैं, या फिर किसी कारणों से शहर में आए और लॉकडाउन के कारण फंस गए हैं, निर्धन है, बेसहारा है, या उन्हें खाना नहीं मिल रहा है, तो वैसे सभी व्यक्तियों के लिए *सामुदायिक रसोई* चलाया जा रहा है। 
                    इस परिप्रेक्ष्य मे जिला पदाधिकारी ने अंबेडकर छात्रावास, टिकारी में बनाए गए सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। *उन्होंने खुशी जाहिर किया कि टिकारी में जिस तरह की व्यवस्था की गई है, वह न केवल गया के लिए बल्कि पूरे राज्य के लिए उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।* उन्होंने आशा जताया कि शेष प्रखंडों में भी टिकारी जैसी व्यवस्था की जाए।
जिला पदाधिकारी ने लोगों से अनुरोध किया कि उन सभी लोगों को जिन्हें खाने का कोई अपना व्यवस्था नहीं है तथा वैसे लोग जिनके मरीज अस्पताल में भर्ती है या वैसे व्यक्ति जो होम आइसोलेशन में है और उन्हें खाना बनाने वाला कोई नहीं है, तो वैसे व्यक्तियों के लिए सामुदायिक रसोई चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से यह प्रयास किया जा रहा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को भी इसका लाभ मिले।
                     उन्होंने ज़िलेवासियों से अनुरोध किया कि आपसभी  कोविड-19 के गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करें। खासकर के मास्क का प्रयोग, सामाजिक दूरी का अनुपालन तथा बिना कारण के घर से बाहर न निकलना, भीड़ भाड़ वाले जगहों पर जाने से बचना। उन्होंने सभी दुकानदारों से अनुरोध किया कि जो लॉकडाउन का नियम है, उसका अनुपालन करें। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के जांच के लिए बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। जितना ज्यादा टेस्ट होगा उतना जल्दी कोरोना का ग्राफ कमेगा। कोरोना जाँच कराने का यह भी फायदा होता है कि जितना जल्दी जांच कराएंगे उतना जल्दी हम दवाइयों का सेवन करेंगे और गंभीर स्थिति में खुद को नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सर्दी, खासी, जुकाम या लगातार बुखार रहता हैं, तो अपने नजदीकी अस्पताल में जाकर कोरोना का जांच अवश्य कराएं। कोरोना जाँच करवाने में देरी न करें। 
                     टीकाकरण के संबंध में उन्होंने बताया कि कोरोना से लड़ने का एकमात्र उपाय है, टीकाकरण। 45 वर्ष से ऊपर वाले व्यक्तियों के लिए पर्याप्त संख्या में टीका उपलब्ध है। आप सभी जिलावासियों से अपील किया कि अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर टीकाकरण में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें तथा अपने अपने जिला, राज्य एवं देश को कोरोनामुक्त बनाएं। उन्होंने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को पंजीकरण करने नहीं आ रहा है, तो अपने प्रखंड के  आरटीपीएस काउंटर पर जाएं और टीका लगवाने के लिए पंजीकरण करवाएं।
                     इसके उपरांत *सामुदायिक रसोई में भोजन कर रहे छोटे बच्चों एवं बड़े - बुजुर्गों से फीडबैक लिया। सभी ने संतोषप्रद जवाब दिया। छोटे-छोटे बच्चों को दूध पीते देख जिला पदाधिकारी ने काफी खुशी जाहिर की।* सामुदायिक रसोई के समीप वैसे व्यक्ति, जो बिना मास्क के थे वैसे सभी व्यक्तियों को मास्क भी दिया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने मास्क की गुणवत्ता को बढ़ाने का निर्देश दिया। 
                     इसके उपरांत उन्होंने कोरोना संक्रमित मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। प्रतीक्षालय में मरीजों के परिजनों से जानकारी प्राप्त किया कि उनके मरीज की क्या स्थिति है, कितने स्वस्थ हुए हैं। जिला पदाधिकारी ने मरीजों के परिजनों को बताया कि यदि उनके मरीज का ऑक्सीजन लेवल में बढ़त नहीं होती है और डॉक्टरों द्वारा बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल में रेफर किया जाता है, तो डॉक्टरों को सहयोग दिया जाए। 
                     इसके उपरांत उन्होंने एएनएम ट्रेंनिंग स्कूल, टिकारी गए, जहां कोरोना के मरीज भर्ती है, वहां के सभी कमरा घूम घूम कर निरीक्षण किया तथा भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य का जानकारी प्राप्त किया।
                     इसके उपरांत उन्होंने अनुमंडलीय अस्पताल, टिकारी का निरीक्षण किया। उन्होंने एक्स-रे रूम, आपातकालीन वार्ड एवं आईसीयू वार्ड निर्माण के लिए कमरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में आपातकालीन वार्ड में भर्ती कई मरीजों से स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने चिकित्सक को निर्देश दिया कि वैसे बेड जहां ऑक्सीजन पाइप लाइन नहीं है, उन सभी बेडो पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था रखें। किसी भी स्थिति में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए, यह सुनिश्चित करेंगे। 
                     उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि टिकारी प्रखंड अंतर्गत छोटे-छोटे टोलो में चलाए जा रहे कोरोना जांच मोबाइल वाहन से करवाते रहें तथा वैसे व्यक्ति जो कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं, उन्हें ससमय मेडिकल किट उपलब्ध कराएं।
                     इसके उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोंच का निरीक्षण किया गया। सिविल सर्जन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को कई आवश्यक निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोंच में कोरोना टेस्टिंग में तेजी लाने, 45 वर्ष से ऊपर वाले व्यक्तियों को टीकाकरण में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने तथा मरीजों के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन की उपलब्धता रखने का निर्देश दिया। इसके उपरांत उन्होंने एक-एक कर सभी कमरों का निरीक्षण किया।
                     निरीक्षण में सिविल सर्जन, अनुमण्डल पदाधिकारी, टिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, टिकारी एवं कोंच, डीपीएम स्वास्थ्य सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी/चिकित्सक मौजूद थे।