खुशियों की दास्तां वैक्सीनेशन में महिलाओं की भागीदारी, सचिव की पत्नी ने ग्रामीणों को जागरूक करने पहले खुद लगवाया टीका

शिवपुरी :-कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण एक सुरक्षा कवच है। टीका लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। कई ऐसे युवा और बुजुर्ग हैं जो स्वयं टीकाकरण के महत्व को समझ रहे हैं और टीका लगवा रहे हैं लेकिन दूरदराज के गांव में जानकारी के अभाव में कुछ भ्रांतियां भी हैं जिसके कारण लोग टीका लगवाने से डर रहे हैं। 
वैक्सीनेशन में महिलाओं की भागीदारी भी देखी जा सकती है। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री एवं जिले की कोविड प्रभारी मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने  भी वैक्सीनेशन कराया है और उन्होंने आंगनवाड़ी  कार्यकर्ताओं एवं एएनएम और स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों से भी बढ़-चढ़कर इस अभियान में भाग लेने के लिए कहा। समूह की महिलाएं भी स्वयं वैक्सीन लगवा रही हैं और इसके माध्यम से गांव की अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं। किल कोरोना अभियान में भी जब टीम घर घर जा रहे हैं तो वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित कर रही हैं।

इसी प्रकार पिछोर की ग्राम पंचायत धौर्रा में जब वैक्सीनेशन कैंप लगा तो लोगों में कुछ भ्रांतियां थी लेकिन पंचायत सचिव की पत्नी नीलम लोधी ने सबसे पहले टीका लगवाया और इसके माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया कि यह टीका सुरक्षित है हम सभी को यह टीका लगवाना चाहिए। इनसे प्रेरित होकर गांव की अन्य महिलाएं भी टीका लगवाने पहुंची।

जिला प्रशासन ने भी महिला बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, स्व सहायता समूह की महिलाएं, कोरोना वालंटियर की टीम बनाते हुए लोगों को प्रेरित करने की पहल की है जिससे अधिक से अधिक लोगों को टीका लग सके।