(एलिम्को) तथा जिला प्रशासन गया द्वारा संयुक्त रूप से सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन

(एलिम्को) तथा जिला प्रशासन गया द्वारा संयुक्त रूप से सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन

रिपोर्टःडीके पंडित
गयाबिहार

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर (एलिम्को) तथा जिला प्रशासन गया द्वारा संयुक्त रूप से सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन गया कॉलेज के एकता भवन में किया गया, जिसमें सदर अनुमंडल अंतर्गत कुल 336 दिव्यांग जनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराया गया।
   इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार श्री कृष्ण पाल गुर्जर द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांग जनों को संबोधित किया गया। माननीय मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित माननीय सांसद गया श्री विजय कुमार, माननीय नगर विधायक गया डॉक्टर प्रेम कुमार, जिला पदाधिकारी गया श्री अभिषेक सिंह सहित अन्य अतिथियों एवं उपस्थित दिव्यांग जनों का स्वागत करते हुए कहा कि गया जिला के विभिन्न स्थानों पर माह फरवरी 2021 में आयोजित किए गए प्रशिक्षण शिविरों में कुल 1146 लाभार्थियों को चिन्हित किया गया था, चिन्हित लाभार्थियों को लगभग 01 करोड़ 1 लाख 30 हजार रुपये के कुल 2220 सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया था। 
   माननीय केंद्रीय मंत्री ने कहा की माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार के नेतृत्व में देश के दिव्यांग जनों के हित में किए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं से संबंधित अनेक उपलब्धियां मंत्रालय द्वारा अर्जित की गई हैं। मंत्रालय द्वारा देशभर में दिव्यांग जनों के हित के लिए अभूतपूर्व काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 को लागू कराया गया। दिव्यांगता की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 किया गया, सरकारी नौकरियों में आरक्षण 3% से बढ़ाकर 4% किया गया, सरकारी सहायता प्राप्त उच्च शैक्षणिक संस्थाओं में आरक्षण 3% से बढ़ाकर 5% किया गया। उन्होंने बताया कि सुगम्य भारत अभियान योजना के तहत 1183 भवनो हेतु 484.26 करोड रुपए जारी किए गए हैं। छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 1.42 लाख दिव्यांग छात्रों को 423.11 करोड रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यूडी आईडी परियोजना देश के सभी राज्यों के 713 जिलों में लागू कर दी गई है, जिसके तहत 97% जिले इस परियोजना को लागू कर रहे हैं। 97 लाख 95 हजार यूडीआईडी कार्ड जारी किए जा चुके हैं। एडिप योजना अंतर्गत 2014-15 से अब तक कुल 10329 शिविर आयोजित कर 19.70 लाख से अधिक दिव्यांग जनों को 1187 करोड़ 20 लाख से अधिक राशि के सहायक उपकरणों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अभी तक 24071 मोटराइज्ड ट्राई साइकिल का वितरण किया जा चुका है। कोकिलियर इमप्लांट सर्जरी के लिए 219 अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं और 3506 सर्जरी की गई है।
   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय सांसद गया श्री विजय कुमार ने कहा कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 द्वारा दिव्यांग जनों के कल्याण तथा उन्हें सशक्त बनाने हेतु काफी कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर के अथक प्रयास एवं जिला प्रशासन गया के प्रयास से आज दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण वितरण का कार्यक्रम संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि जो दिव्यांग अभी भी छूटे हुए हैं, उनका सर्वेक्षण कराकर उन्हें भी सहायक उपकरण दिए जाएंगे। दिव्यांग जनों को साक्षरता, नौकरी सहित निशक्तता पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है।
   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय नगर विधायक डॉक्टर प्रेम कुमार ने कहा कि पूरे जिले के चार अनुमंडल में 21 लाख 80 हजार रुपए की लागत से सहायक उपकरण का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा दिव्यांग जनों के कल्याणार्थ उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। दिव्यांग जनों की जरूरतों एवं समस्याओं के निदान हेतु भारत सरकार तथा बिहार सरकार संकल्पित है।
     इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह ने दिव्यांग जनों को संबोधित करते हुए कहा कि एलिम्को तथा विभिन्न संस्थाएं, जिन्होंने सहायक उपकरण कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए हैं तथा दिव्यांग जनों को सशक्त बनाने हेतु लगातार कार्य कर रहे हैं, उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने माननीय राज्यमंत्री न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला पदाधिकारी ने इस अवसर पर बताया कि दिव्यांग जनों को सशक्त एवं सबल बनाने हेतु केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है ताकि दिव्यांगजन इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभान्वित हो सके।
  जिला पदाधिकारी ने बताया कि आज सदर अनुमंडल में 336 दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण बांटे गए हैं। दिनांक 3 जुलाई 2021 को शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत 256 दिव्यांग जनों को, 5 जुलाई 2021 को टिकारी अनुमंडल अंतर्गत 268 दिव्यांग जनों को तथा 6 जुलाई 2021 को नीमचक बथानी अंतर्गत 287 दिव्यांग जनों को विभिन्न सहायक उपकरण बांटे जाएंगे।
   जिला पदाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय तथा राज्य स्तर पर सामाजिक सुरक्षा की अनेक योजनाएं चलाई जा रही है, जिनके माध्यम से दिव्यांगजन लाभान्वित हो सकते हैं तथा अपना जीवन स्तर में सुधार कर सकते हैं। इन योजनाएं मुख्य रूप से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन, बिहार राज्य निशक्तता पेंशन, मुख्यमंत्री निशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, मुख्यमंत्री सामर्थ्य योजना तथा प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना शामिल है।
     कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन एलिम्को (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर) के महाप्रबंधक लेफ्टिनेंट जनरल श्री पी०के० दुबे द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
   कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री सुमन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री इंद्रवीर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री शंभू नाथ झा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, दिव्यांगजन तथा विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।