राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था 'शब्दाक्षर' की बिहार प्रदेश इकाई का पुनर्गठन*

*राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था 'शब्दाक्षर' की बिहार प्रदेश इकाई का पुनर्गठन*
रिपोर्टःडीके पंडित
गयाबिहार
राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था 'शब्दाक्षर' (पंजीकृत) की बिहार प्रदेश इकाई का पुनर्गठन किया गया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रवि प्रताप सिंह तथा अन्य सम्मानित अधिकारियों के द्वारा 'शब्दाक्षर' की बिहार राज्य शाखा का प्रदेश अध्यक्ष प्रो मनोज कुमार मिश्र, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र 'अणु', प्रदेश सचिव अमरेश कुमार पाण्डेय तथा प्रदेश साहित्य मंत्री गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, गया के अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी को नियुक्त किया गया है। साथ ही साथ संस्था का प्रदेश संगठन मंत्री विनय मामूली बुद्धि, प्रदेश प्रचार मंत्री कन्हैया लाल मेहरवार तथा प्रदेश अर्थ मंत्री गणपति मिश्र को नियुक्त किया गया है। बिहार प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र के अनुसार यह संस्था पूरे बिहार राज्य में साहित्यिक गतिविधियों को सुनियोजित, संवर्द्धित तथा संगठित करने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की गौरवशाली धरती पर संगीत, साहित्य तथा कला के क्षेत्र में वर्तमान समय में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ज़रूरत है तो उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने हेतु उचित प्लैटफॉर्म प्रदान करने की। 'शब्दाक्षर' संस्था के द्वारा समय-समय पर राज्य तथा राष्ट्र  स्तरीय काव्य गोष्ठियों तथा अन्य साहित्यिक सम्मेलनों का आयोजन किया जाता रहा है और यह श्रृंखला आगे भी अनवरत रूप से जारी रहेगी। कोरोना काल में भी फेसबुक तथा अन्य अॉनलाइन माध्यमों से संस्था द्वारा सभी राज्यों में बारी-बारी से काव्य-गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। श्री मिश्र ने कहा कि संस्था की प्रदेश साहित्य मंत्री कवयित्री डॉ प्रियदर्शनी के नेतृत्व में बिहार राज्य की नवोदित तथा अनुभवी महिला साहित्यकारों को भी संगठित करने का एक विशेष लक्ष्य तय किया गया है तथा कवि मेहरवार जी, जिनकी मधुर संगीत और काव्यकला से गयावासी पूर्व परिचित हैं, का भी मार्गदर्शन संस्था को मिल सकेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष तथा प्रदेश सचिव सहित सम्मानित सभी सदस्यों के सहयोग से 'शब्दाक्षर' संस्था बिहार राज्य के सभी जिलों से चयनित साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रस्तरीय मंच प्रदान करने का प्रयत्न करेगी।