मुहर्रम पर्व ज़िले में विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु ज़िला दंडाधिकारी गया श्री अभिषेक सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री आदित्य कुमार द्वारा संयुक्त आदेश ।

मुहर्रम पर्व  ज़िले में विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु ज़िला दंडाधिकारी गया श्री अभिषेक सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री आदित्य कुमार द्वारा संयुक्त आदेश ।
रिपोर्टः डीके पंडित
गयाबिहार

                 गया, 19 अगस्त, 2021, 
मुहर्रम पर्व 2021 के अवसर पर ज़िले में विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु ज़िला दंडाधिकारी गया श्री अभिषेक सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री आदित्य कुमार द्वारा संयुक्त आदेश निर्गत किया गया है, जिसमें विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि ज़िले में शांति व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी चौकस, सतर्क एवं सावधान रहेंगे। किसी भी तरह के अफवाह/झूठी खबर की सूचना मिलने पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी त्वरित कार्रवाई करेंगे। साथ ही अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर सख्त विधिसम्मत कार्रवाई करेंगे। 
               मुहर्रम पर्व के अवसर पर सम्पूर्ण ज़िले में 194 स्थानों को चिन्हित करते हुए स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही गस्ती दल दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, जो गस्त करते हुए स्थिति पर नज़र रखेंगे। 
               *प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश देने हेतु गया कॉलेज स्थिति प्रेमचंद सभागार में नगर पुलिस अधीक्षक, गया श्री राकेश कुमार की अध्यक्षता में ब्रीफिंग का आयोजन किया गया।* ब्रीफिंग में स्पष्ट रूप से निदेश दिया गया कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुँचकर दिनांक-20 एवं 21 अगस्त की अवधि में सतर्क रहते हुए स्थिति पर नज़र रखेंगे। 
               ब्रीफिंग में बताया गया कि प्रखंड, अनुमण्डल एवं जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक कर ली गयी है। ब्रीफिंग में बताया गया कि निम्नलिखित थाना अंतर्गत दिए गए स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। गुरुआ बाजार, बाराचट्टी थानां अंतर्गत दहपुर, सोमबाज़ार, बदेया, बोधगया थाना अंतर्गत मनकोशी, पचहट्टी, भागलपुर, नकटिया, बुनियादगंज थाना अंतर्गत बुनियादगंज, जोड़ा मस्जिद, अतरी थाना अंतर्गत दुनीचक, शेरघाटी थाना अंतर्गत गोला बाजार, काली स्थान,टिकारी थाना अंतर्गत टिकारी बाज़ार, बेल्हाडिया मोड, चाकंद थानां अंतर्गत चाकंद बाजार, बौलीपुर, कोतवाली थाना अंतर्गत करबला, इकबाल नगर, सिविल लाइन्स थाना अंतर्गत नादरगंज, सहमीर तकिया, रामपुर थाना अंतर्गत गेवाल बिगहा, मुफ्फसिल थाना अंतर्गत अबगिला, चंदौती थाना अंतर्गत बिथोशरीफ, अलीगंज, मगध विश्वविद्यालय थाना अंतर्गत काजीचक, सदेहखाप, कोंच थाना अंतर्गत सिमरौर, इमामगंज थाना अंतर्गत संसावाद, कोठी थाना अंतर्गत तेलवाडी एवं डोभी थाना अंतर्गत करमौनी है।
               ब्रीफिंग में स्पष्ट निदेश दिया गया कि गृह विभाग (विशेष शाखा) बिहार पटना द्वारा दिये गए निदेश तथा *कोविड 19 प्रोटोकॉल के अनुपालन के आलोक में ज़िले में कही भी सार्वजनिक स्थलों पर ताजिया/सिपल नहीं बैठाए जाएंगे तथा इससे संबंधित धार्मिक जुलूस/प्रदर्शन एवं आयोजन पर पूरी तरह रोक रहेंगी। लोग अपने घरों में मुहर्रम पर्व से संबंधित धार्मिक आयोजन सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए कर सकते हैं।*
               मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिला स्तर पर *नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या-0631-2222253/2222259 है।* विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था संबंधी आवश्यक सूचना ज़िला नियंत्रण कक्ष को देने का निदेश ब्रीफिंग में दिया गया। ज़िला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता श्री मनोज कुमार तथा नगर पुलिस अधीक्षक, गया रहेंगे। नियंत्रण कक्ष में दिनांक 20 एवं 21 अगस्त को तीन पालियों में दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो स्थिति पर नज़र बनाये रखेंगे तथा क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों/पुलिस पदाधिकारियों से संपर्क बनाए रखेंगे। 
               संयुक्त आदेश में नगर आयुक्त, गया नगर निगम को निदेश दिया गया है कि वे शहर में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार विधुत आपूर्ति, ट्रैफिक व्यवस्था संबंधी निदेश दिया गया है। 
               ब्रीफिंग में सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं सभी अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, गया, वजीरगंज, बोधगया, पुलिस उपाधीक्षक, नगर, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष को निदेश दिया गया है कि वे संवेदनशील स्थल का भ्रमण करते हुए पूरी तरह सतर्क रहेंगे एवं आवश्यकता पड़ने पर अपने स्तर से दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। सभी थानाध्यक्ष, दफादार, चौकीदार की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे तथा उनके माध्यम से आसूचना संग्रह भी करेंगे। 
               ब्रीफिंग में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।