जीबीएम कॉलेज में हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन* *-हम हिन्दी में बोलने में हीनता महसूस नहीं करें: प्रो जावेद अशरफ*

*जीबीएम कॉलेज में हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन*

*-हम हिन्दी में बोलने में हीनता महसूस नहीं करें: प्रो जावेद अशरफ*
रिपोर्टः डीके पंडित
गया बिहार
गया। गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय में हिन्दी दिवस के सुअवसर पर हिन्दी विभाग की ओर से प्रधानाचार्य प्रो (डॉ) जावेद अशरफ की अध्यक्षता तथा हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ किरण बाला सहाय के कुशल संयोजन में हिन्दी काव्य पाठ तथा अन्य महत्वपूर्ण साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हिन्दी विभाग की छात्रा राजश्री के नेतृत्व में मंगलाचरण 'श्री राम चंद्र कृपालु भजमन हरण भाव भय दारुणम्।' भजन की सुमधुर प्रस्तुति से हुआ।  हिन्दी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ प्यारे माँझी के संचालन में छात्रा नीलम, पूनम, साक्षी, सोनाली, करीना, काजल, सुप्रिया, माही राज गुप्ता, सोनम, इतिहर्ष, प्रज्ञा, दीक्षा, पूर्विका, दिव्या, कृति प्रकाश, अर्पणा, रानी, वर्षा आदि ने सस्वर कविताएँ पढ़ीं तथा हिन्दी दिवस पर अपने विचार रखे। रिया पाठक की सुमधुर भजन प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। अंग्रेजी विभाग की छात्रा नमन्या ने विलियम शेक्सपियर की साहित्यिक सेवाओं की हिन्दी भाषा में सारगर्भित परिचय दिया। अपने संबोधन में हिन्दी विभागाध्यक्ष ने भारतीय आधुनिक हिंदी साहित्य के जनक भारतेन्दु हरिश्चन्द्र की प्रसिद्ध कृति 'भारत-दुर्दशा' पर अपने  विचार रखते हुए प्रतिवर्ष 'हिन्दी दिवस' मनाए जाने के औचित्य पर प्रकाश डाला। इस वर्ष महाविद्यालय में हिन्दी स्नातक परीक्षा में प्रथम स्थान पाने हेतु छात्रा वर्षा कुमारी को प्रशस्ति प्रमाण पत्र तथा शील्ड प्रदान कर के सम्मानित किया गया। हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ सहाय की ओर से वर्षा कुमारी को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गयी। कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र के साथ-साथ महाविद्यालय दैनंदिनी भी प्रदान की गयी। कार्यक्रम को प्रधानाचार्य सहित प्रो उषा राय तथा प्रो किश्वर जहाँ बेगम ने भी संबोधित किया। प्रधानाचार्य ने छात्राओं की प्रतिभा और अनुशासित उपस्थिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम हिन्दी में भी बोलें, अंग्रेजी में भी बोलें, परंतु हिन्दी में बोलने में हीनता महसूस नहीं करें। 

इस समारोह में प्रो अफ्शाँ सुरैया, डॉ निर्मला कुमारी, बर्सर डॉ सहदेव बाउरी, नैक समन्वयक डॉ शगुफ्ता अंसारी, जन संपर्क अधिकारी डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, डॉ जया चौधरी, डॉ नगमा शादाब, डॉ पूजा राय, डॉ अनामिका कुमारी, डॉ फरहीन वजीरी, डॉ शिल्पी बनर्जी, डॉ रुखसाना परवीन, ईमा हुसैन आदि की उपस्थिति रही। धन्यवाद-ज्ञापन डॉ पूजा ने किया।