जिला पदाधिकारी द्वारा देवघाट, संवास सदन समिति, अक्षयवट में नियंत्रण कक्ष तथा मेडिकल कैम्प का निरीक्षण

जिला पदाधिकारी द्वारा देवघाट, संवास सदन समिति, अक्षयवट में नियंत्रण कक्ष तथा मेडिकल कैम्प का निरीक्षण
                गया, 21 सिंतबर, 2021, 
रिपोर्ट डीके पंडित
गयाबिहार
*पितृपक्ष के अवसर पर गया आने वाले पिंडदानियों/श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ज़िला प्रशासन द्वारा सभी मूलभूत सुविधा की व्यवस्था प्रमुख स्थानों पर की जा रही है। साथ ही भीड़ भाड़ वाले स्थानों/क्षेत्र में नियंत्रण कक्ष एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का प्रसारण भी किया जा रहा है ताकि पिंडदानियों/श्रद्धालुओं को कोई असुविधा/समस्या न हो।*
                उपरोक्त *सुविधा/व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा आज सवेरे देवघाट, विष्णुपद मंदिर परिसर, अक्षयवट सहित अन्य मुख्य स्थानों/वेदी का भ्रमण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।*
                जिला पदाधिकारी द्वारा देवघाट, संवास सदन समिति, अक्षयवट में नियंत्रण कक्ष तथा मेडिकल कैम्प का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विष्णुपद मंदिर के मुख्य गेट तथा देवघाट स्थित मंदिर गेट का निरीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से नियमित रूप से आवश्यक सूचनाओं का प्रसारण कराना सुनिश्चित करें। 
                कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन हेतु निरंतर माइक के माध्यम से सूचनाओं का प्रसारण किया जा रहा है। मंदिर परिसर, देवघाट, अक्षयवट, सूर्यकुंड तालाब सहित अन्य मुख्य स्थानों पर *नो मास्क, नो एंट्री* के संबंध में सख्ती से अनुपालन कराया जा रहा है। साथ ही दुकानदारों, ग्राहकों, पिंडदानियों एवं श्रद्धालुओं सहित ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वह ड्यूटी के दौरान भी मास्क अवश्य लगाए तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि कोविड प्रोटोकॉल से संबंधित दिशा निर्देश से लोगों को अवगत कराते रहें। देवघाट पर स्थित नियंत्रण कक्ष तथा संवास सदन समिति में बने नियंत्रण कक्ष तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से पिंडदानियों/श्रद्धालुओं की समस्याओं/शिकायतों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
                जिला पदाधिकारी द्वारा देवघाट, संवास सदन समिति पर बने शौचालय, पेयजल हेतु नल कनेक्शन का जायजा लेते हुए निर्देश दिया गया कि शौचालय की सफाई नियमित रूप से की जाए। साथ ही नल की खराबी को भी शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने देवघाट स्थित वाटर एटीएम का भी निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि मूल्य तालिका को बड़े अक्षरों में प्रदर्शित की जाए ताकि लोगों को सही मूल्य पर पानी उपलब्ध हो सके। *बताया गया कि ₹5 में 2 लीटर तथा ₹10 में 5 लीटर शुद्ध पेयजल लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है।*
                जिला पदाधिकारी द्वारा *सूर्यकुंड तालाब में एसडीआरएफ द्वारा बोट के माध्यम से भ्रमण कराने का निर्देश दिया, क्योंकि सूर्यकुंड तालाब काफी गहरा होने के कारण सावधानी आवश्यक है। एसडीआरएफ नियमित रूप से सूर्यकुंड तालाब में भ्रमणशील रहे, इसे सुनिश्चित किया जाए।* जिला पदाधिकारी द्वारा मंदिर क्षेत्र में स्थाई थाना में सुविधा यथा पेयजल, कुर्सी, पंखा इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया।
                जिला पदाधिकारी द्वारा अक्षयवट स्थित सुविधाओं यथा नल, शौचालय सफाई इत्यादि का जायजा लिया गया। साथ ही बुडको के अभियंता को निर्देश दिया गया कि पितृपक्ष में भीड़ को देखते हुए सड़क को शीघ्र ठीक करें। विदित हो कि अक्षयवट जाने वाले रास्ते की मरम्मती कार्य चल रही है, जिसे शीघ्र मरम्मती का निर्देश दिया गया। 
                जिला पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।