द्वितीय चरण के मतदान के पश्चात टिकारी तथा गुरारू प्रखंड के मतों की गणना कल दिनांक 1 अक्टूबर 2021 को पूर्वाहन 8:00 बजे

रिपोर्टः डीके पंडित

गयाबिहार
              गया, 30 सिंतबर, 2021, *पंचायत आम निर्वाचन, 2021 के तहत द्वितीय चरण के मतदान के पश्चात टिकारी तथा गुरारू प्रखंड के मतों की गणना कल दिनांक 1 अक्टूबर 2021 को पूर्वाहन 8:00 बजे से गया कॉलेज में होगी।*
              मतगणना कार्य को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु सभी व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। मतगणना कार्य में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। बिना प्रवेश पत्र के कोई भी व्यक्ति मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। टिकारी प्रखंड की मतगणना गया कॉलेज के मानविकी भवन में तथा गुरारू प्रखंड की मतगणना वाणिज्य भवन एवं सीवी रमन भवन, गया कॉलेज में होगी।
              जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी व्यवस्था कराने का निर्देश पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया है। उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, टिकारी एवं गुरारू को निर्देश दिया है कि वह मतगणना कार्य को ससमय पूरा करने हेतु सभी व्यवस्था करें। मतगणना कार्य की क्रमवार गिनती के पश्चात तथा सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरा करने के पश्चात परिणाम की घोषणा करते हुए विजित प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र देना सुनिश्चित करेंगे, ताकि प्रत्याशियों एवं समर्थकों की अनावश्यक भीड़ न लगे। 
              *मतगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु गया कॉलेज तथा जगजीवन कॉलेज में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। गया कालेज स्थित नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त, गया श्री सुमन कुमार रहेंगे। गया कॉलेज स्थित नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0631-2222065 है।*
              टिकारी प्रखंड की मतगणना हेतु 06 हॉल तथा गुरारू प्रखंड के मतगणना हेतु 06 हॉल की व्यवस्था की गई है। टिकारी में मतगणना टेबल की संख्या 15 तथा गुरारू में 17 प्रति मतगणना हॉल है। गया कॉलेज के नियंत्रण कक्ष एवं जगजीवन कॉलेज में तीन पालियों में दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
              ईवीएम द्वारा मतगणना हेतु प्रत्येक मतगणना टेबल पर 3 कर्मी तथा बैलट बॉक्स की गणना हेतु प्रत्येक टेबल पर चार कर्मी होंगे। जिला पदाधिकारी ने मतगणना कार्य को सफलतापूर्वक, शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी प्रत्याशियों से अनुरोध किया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुपालन अच्छी तरह किया जाए। अनावश्यक मतगणना केंद्र पर भीड़ न लगावे तथा विजित प्रत्याशी विजय जुलूस न निकालें तथा आतिशबाजी इत्यादि का प्रयोग न करें।