डीएम ने18अक्टूबर को आयोजित होने वाले कोविड 19 टीकाकरण महाअभियान को सफल करने हेतु निर्देश।

डीएम ने18अक्टूबर को आयोजित होने वाले कोविड 19 टीकाकरण महाअभियान को सफल करने हेतु निर्देश।
                गया, 17 अक्टूबर, 2021
रिपोर्टः डीके पंडित
गया बिहार।
, *ज़िला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कल दिनांक 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कोविड 19 टीकाकरण महाअभियान को सफल करने हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जीविका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।* 
                साथ ही *पंचायत आम निर्वाचन 2021 के शेष बचे 7 चरणों का निर्वाचन स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।*
                बैठक में *टीकाकरण महाअभियान* के संबंध में जिला पदाधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा कोविड-19 टीकाकरण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया है कि जो ज़िला/प्रखंड  टीकाकरण कार्य मे पीछे हैं, वे अपने लक्ष्य को पूरा करें। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए निर्देश के आलोक में ज़िला पदाधिकारी, गया द्वारा सभी जीविका दीदी/आशा/एएनएम/शिक्षा विभाग सहित सभी कर्मियों को टीकाकरण महाअभियान को गांव एवं टोला स्तर पर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि कल दिनांक 18 अक्टूबर को टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा, जिसे सफल बनाने हेतु महादलित टोला, दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करें ताकि कल के टीकाकरण महाअभियान में अधिक से अधिक लोग आकर टीका लें। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा प्रबंधक को निर्देश दिया कि टीकाकरण का कार्य प्रातः 7:00 बजे से प्रारंभ हो जाए, यह सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी टीकाकरण सत्र स्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां करना सुनिश्चित करें। 
                बैठक में बताया गया कि टीकाकरण कार्य मे बेलागंज प्रखंड की उपलब्धि कम है। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया की कम टीका वाले क्षेत्र में लोगों को वैक्सीन लेने हेतु प्रोत्साहित एवं जागरूक करें। ज़िला पदाधिकारी ने कोंच, नगर प्रखंड, टिकारी, गुरुआ, इमामगंज इन सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि टीकाकरण महाअभियान में अपने अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें। साथ ही जिन प्रखंडो में टीकाकरण की स्थिति सही नहीं हैं, वे अपनी स्थिति सुधारने का हर संभव प्रयास करें। उन्होंने बताया कि *जिले में टीके की कोई कमी नहीं है, पर्याप्त संख्या में टीका उपलब्ध है।* 
                जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील किया कि टीकाकरण महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में आकर टीका ले। उन्होंने बताया कि *अब टीका लेने में आधार कार्ड के अतिरिक्त अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र के माध्यम से भी टीका दिया जाएगा।* 
                ज़िला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि आगामी पर्व/त्यौहार को देखते हुए बाहर से लोग पर्व/त्यौहार मनाने घर आएंगे। कोरोना संक्रमण की सुरक्षा एवं बचाव हेतु आने वाले लोगों का शत प्रतिशत कोरोना जांच एवं जिन्होंने टीका नहीं लिया है, या जिनका दूसरा डोज़ बाकी है, संबंधित को टीका देने की व्यवस्था रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर ही करें।
                 ज़िला पदाधिकारी ने कहा कि दिनांक 18 अक्टूबर को टीकाकरण महाअभियान में लोगों का शत प्रतिशत टीका हेतु अभियान चलाने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत महादलित टोला, दूरस्थ क्षेत्रों में टीकाकरण सत्र स्थल का उद्घाटन करेंगे। इस महाअभियान में डब्ल्यूएचओ, केयर, यूनिसेफ, शिक्षा विभाग, जीविका, टोला सेवक, विकास मित्र इत्यादि पदाधिकारी/कर्मियों का विशेष योगदान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी मोबिलाइजर यथा आशा, जीविका, महिला पर्यवेक्षिका सहित सभी क्षेत्र में रहकर लोगों को जागरूक करने मे निर्देश दिया। 
                 इसके उपरांत *पंचायत आम निर्वाचन, 2021* के संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह ज़िला पदाधिकारी ने बताया कि तीन चरण का मतदान एवं मतगणना सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। उन्होंने शेष प्रखंडो के निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ज़िम्मेदारी के साथ सभी कार्य करना सुनिश्चित करें ताकि किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि ईवीएम कमिशनिंग कार्य मे ज़िम्मेदार व्यक्ति को ही लगाए, क्योंकि ईवीएम कमिशनिंग के कार्य में सावधानी आवश्यक है ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि ईवीएम में बैलट पेपर लगाते समय पूरी सावधानी के साथ मतपत्र लगाना सुनिश्चित करें। 
                 ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि चुनाव के समय प्रभावी नियंत्रण कक्ष बनाना सुनिश्चित करे ताकि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की समस्या न हो एवं प्राप्त शिकायतों का निष्पादन भी त्वरित किया जा सके। 
                 ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पीसीसीपी, जोनल, सुपर जोनल, सब जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारी को निर्देश दिया कि मतदान के पूरे दिन धारा 144 लगाया जाता है, जिसके तहत मतदान केंद्र के 100 मीटर की परिधि में अनावश्यक भीड़ की अनुमति नहीं होती है, इसे सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने पीठासीन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि निर्धारित समय पर मतदान केंद्र के अंदर सभी आवश्यक तैयारियां करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मतगणना के दिन विजित प्रत्याशी को गणना के उपरांत ससमय प्रमाण पत्र देना सुनिश्चित करेंगे ताकि भीड़ कम हो सके। *वैसे मतदान कर्मी, जिनके बैंक खाता में अबतक राशि नही गई है, वे ज़िला पंचायत राज कार्यालय, गया से संपर्क कर सकते हैं।* 
                 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला स्तर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, सिविल सर्जन, निदेशक, डीआरडीए, ज़िला पंचायत राज पदाधिकारी, ज़िला जन सम्पर्क पदाधिकारी, ज़िला परिवहन पदाधिकारी, ज़िला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्त्तागण, डीपीएम स्वास्थ्य, डीपीएम जीविका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।