मतदान को शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं सुरक्षा के वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली

मतदान को शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं सुरक्षा के वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली 
 *गया, 2 नवंबर 2021,* 
रिपोर्टः. डीके पंडित गयाबिहार
            पंचायत आम निर्वाचन, 2021 के अवसर पर गया जिले में कल *दिनांक 3 नवंबर 2021 को छठे चरण का मतदान बांकेबाजार, शेरघाटी तथा आमस प्रखंड में आयोजित की जाएगी।* मतदान को शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं सुरक्षा के वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।  शेरघाटी, बांकेबाजार तथा आमस में छठे चरण के मतदान का समय प्रातः 7:00 बजे से संध्या 4:00 बजे तक राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित किया गया है।
             *जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा बताया गया कि कल का पंचायत चुनाव में पाँच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का बंदोबस्त किया गया है, ताकि इन तीनों प्रखंडों के मतदाता निर्भीक एवं सुरक्षित रूप से मतदान केंद्र पर जाकर अपना मतदान  शांतिपूर्वक कर सकें।*
              *जिला पदाधिकारी द्वारा तीनों प्रखंडों में एक-एक सुपर जोनल दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति की गई है। शेरघाटी प्रखंड के लिए सुपर जोनल दंडाधिकारी के रूप में श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्ता को प्रतिनियुक्त किया गया है। इसी प्रकार आमस प्रखंड के लिए श्री सुमन कुमार, उप विकास आयुक्त तथा बांके बाजार प्रखंड के लिए श्री संतोष कुमार, निदेशक डी०आर०डी०ए० की प्रतिनियुक्ति सुपर जोनल दंडाधिकारी के रूप में की गई है।*
               सुपर जोनल दंडाधिकारी को निदेश दिया गया है कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखेंगे तथा समय-समय पर महादलित टोला एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भ्रमण करना सुनिश्चित करेंगे ताकि कमजोर वर्ग के मतदाता निर्भय होकर शांति से मतदान कर सकें।
                मतदान कार्य को स्वच्छ एवं निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण कराने के उद्देश्य से *शेरघाटी प्रखंड में पड़ने वाले निर्वाचन क्षेत्रों में 2 जोन, आमस प्रखंड में पड़ने वाले क्षेत्रों में 2 जोन तथा बांके बाजार प्रखंड में पड़ने वाले निर्वाचन क्षेत्रों में 3 जोन गठित करते हुए जोनल दंडाधिकारी एवं जोनल पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।* इसी प्रकार *शेरघाटी प्रखंड में पांच सबजोन आमस प्रखंड में पांच सबजोन तथा बांके बाजार प्रखंड में 6 सबजोन गठित किया गया है तथा  सब जोनल दंडाधिकारी एवं सब जोनल पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।*
                मतदान कार्य को फुलप्रूफ स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से *शेरघाटी प्रखंड क्षेत्रों में 18 सेक्टर, आमस प्रखंड क्षेत्रों में 18 सेक्टर एवं बांके बाजार प्रखंड क्षेत्रों में 22 सेक्टर बनाए गए हैं तथा इन प्रखंडों में सेक्टर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।* 
                *मतदान कार्य में ई०वी०एम० में खराबी आने पर उसे सुरक्षित ई०वी०एम० से रिप्लेस करने के उद्देश्य से तीनों प्रखंडों के पंचायतों में क्लस्टर सेंटर बनाया गया है, जहां सुरक्षित ई०वी०एम० रखे गए हैं तथा पर्याप्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। बांकेबाजार प्रखंड के लिए 11 क्लस्टर, शेरघाटी प्रखंड के लिए 9 कलस्टर तथा आमस प्रखंड के लिए 9 क्लस्टर बनाए गए हैं।*
                पंचायत आम निर्वाचन के अवसर पर तीनों प्रखंडों के *सभी मतदान केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाया गया है,* जो मतदान की पूरी अवधि तक प्रभावी रहेगा। जिससे कोई भी असामाजिक तत्व मतदान केंद्र के आसपास न आ सकेंगे तथा अनावश्यक लोगों का जमावड़ा भी नहीं लग सकेगा। सभी सेक्टर दंडाधिकारी, पी०सी०सी०पी०, सभी जोनल दंडाधिकारी को इसे सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है।
                 जिला पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन बांकेबाजार,  शेरघाटी एवं आमस प्रखंडों के लगभग सभी *मतदान केंद्रों पर कोविड-19 टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।*  जिन मतदाताओं ने अब तक कोरोना का टीका नहीं लिया है। वे मतदान केंद्र पर आकर टीका भी ले सकते हैं।
                 *मतदान कार्य को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित सम्पन्न कराने हेतु तथा नक्सलियों/असामाजिक तत्वों द्वारा किसी प्रकार के  वारदातों को रोकने हेतु तीनो प्रखंडों में बॉर्डर सिलिंग/चेकपोस्ट बनाया गया है ताकि अवांछित तत्वों के विरूद्ध सघन जाँच पड़ताल एवं ऐहतियाती कार्रवाई की जा सके। शेरघाटी प्रखंड में तीन स्थानों पर, आमस प्रखंड में तीन स्थान पर तथा बाँकेबाज़ार में चार स्थानों पर बॉर्डर सिलिंग/चेकपोस्ट बनाया गया है।*