लोक आस्था एवं विश्वास का प्रतीक छठ महापर्व, 2021 के अवसर पर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए

लोक आस्था एवं विश्वास का प्रतीक छठ महापर्व, 2021 के अवसर पर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए
 गया, 08 नवंबर 2021
रिपोर्टः डीके पंडित
गयाबिहार
, लोक आस्था एवं विश्वास का प्रतीक छठ महापर्व, 2021 के अवसर पर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग का आयोजन जिला परिषद सभागार में की गई।
           *छठ पर्व के अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जिलावासियों को छठ पर्व की शुभकामना एवं बधाई देते हुए इस पवित्र छठ पर्व को शांति, सद्भाव एवं प्रेम के साथ मनाने की अपील की है।* 
           ब्रीफिंग में जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि गया शहरी क्षेत्र में प्रमुख बड़े घाट पर जहां अधिक लोग इकट्ठे होते हैं यथा केंदुई घाट, पितामहेश्वर घाट, देवघाट इत्यादि वहां नियंत्रण कक्ष बनाने, पीए सिस्टम (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) की व्यवस्था करने तथा प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जगह जगह आवश्यक सूचनाओ से संबंधित साईनेजेज लगाने की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है। बड़े घाटों पर वाच टॉवर भी लगाए जाएंगे। ज़िला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि बड़े घाटों पर एम्बुलेंस तथा स्ट्रेचर की व्यवस्था अवश्य रहें ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। ज़िला पदाधिकारी ने जोर देकर कहा कि *घाटों पर पटाखा छोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, क्योंकि पटाखा से भगदड़ मचने की संभावना हो सकती है और दुर्घटना घट सकती है।* उन्होंने छठ पूजा समिति से अनुरोध किया है वे अपने वोलेंटियर को परिचय पत्र निर्गत करे ताकि उनकी पहचान आसानी से की जा सके। 
           उन्होंने नगर आयुक्त, गया नगर निगम को निर्देश दिया है कि घाट पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो तथा घाट पर पशु इत्यादि न जाए, इसे सुनिश्चित किया जाए। 
           ब्रीफिंग में वरीय पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे छठ पर्व को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने हेतु अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बड़े घाटों पर बैरिकेडिंग लगाने, सेंट्रल पीए सिस्टम की व्यवस्था कराने, प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था कराने सहित यातायात व्यवस्था का अच्छा संधारण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे समन्वित रूप से एक साथ अपने क्षेत्रान्तर्गत घाटों का निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्था कर लें। उन्होंने बताया कि ज़िले में दो क्रेन की व्यवस्था है, जो केंदुई घाट पर तथा जिला स्कूल परिसर में स्थित होगा, जिसका उपयोग आवश्यकता पड़ने पर किया जा सकता है। 
           ब्रीफिंग में जिला पदाधिकारी ने बताया कि विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था संधारण हेतु गया शहरी क्षेत्र को 04 जोन तथा 29 सेक्टर में विभक्त किया गया है, जहां जोनल दण्डाधिकारी एवं सेक्टर दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। जोन 01 के वरीय पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्त्ता, जोन 02 के वरीय पदाधिकारी श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव, अपर समाहर्त्ता, विभागीय जांच, जोन 03 के वरीय पदाधिकारी श्री सुमन कुमार, उप विकास आयुक्त तथा जोन 04 के वरीय पदाधिकारी श्री रामनिरंजन चौधरी, ज़िला भूअर्जन पदाधिकारी बनाये गए हैं। शहरी क्षेत्र के सभी बड़े घाटों यथा पितामहेश्वर, सूर्यकुंड, केंदुई घाट, सुरजपोखर मानपुर, देवघाट, सीताकुंड, सीढियांघाट, सिंगरास्थान डैम घाट में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरा, वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। साथ ही छठ पर्व के अवसर पर प्रमुख तथा बड़े घाटों पर नियंत्रण कक्ष एवं पीए सिस्टम की व्यवस्था की गई है। 
           इस अवसर पर *जिला नियंत्रण कक्ष, समाहरणालय में कार्यरत रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या-0631-2222253 है।* नियंत्रण कक्ष में 03 पाली में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 
           ज़िला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन/अधीक्षक, एएनएमएमसीएच को निर्देश दिया है कि वे किसी भी आकस्मिक चिकित्सा हेतु मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जेपीएन अस्पताल, प्रभावती अस्पताल, सभी अनुमंडलीय अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप केंद्रों पर आकस्मिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने हेतु चिकित्सकों, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा कर्मी की प्रतिनियुक्ति कराना सुनिश्चित करें। साथ ही अग्निशमन की प्रतिनियुक्ति ज़िला नियंत्रण कक्ष के पास कराने का निर्देश दिया गया है। 
           ज़िला पदाधिकारी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्पूर्ण गया शहरी क्षेत्र में 114 स्थानों को चिन्हित करते हुए स्टैटिक दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। 
           ज़िले में छठ घाटों पर पेयजल व्यवस्था, प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था, चेंजिंग रूम की व्यवस्था हेतु नगर आयुक्त, नगर निगम तथा कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को आपस मे समन्वय स्थापित कर सभी घाटों पर आवश्यतानुसार व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। 
           ब्रीफिंग में नगर आयुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, अनुमण्डल पदाधिकारी, गया सदर, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस अधीक्षक, सभी थानाध्यक्ष, ज़िला जन सम्पर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्त्ता, सहित अन्य पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।