ज़िले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए लोक आस्था का महापर्व चैती छठ को जिला प्रशासन, गया द्वारा अपने घर पर ही मनाने का अनुरोध

डीके पंडित गया( बिहार)गया ज़िले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए लोक आस्था का महापर्व चैती छठ को जिला प्रशासन, गया द्वारा अपने घर पर ही मनाने का अनुरोध जिलावासियों से किया गया। 
 विशेष सचिव, गृह विभाग, बिहार, पटना द्वारा अप्रैल माह के अंत तक किसी भी सार्वजनिक स्थल पर किसी प्रकार के आयोजन पर रोक लगाई गई है। छठ पर्व के अवसर पर लोग काफी संख्या में छठ घाट पर एकत्रित होकर पूजा अर्चना करते हैं। ऐसी स्थिति में कोविड 19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए चैती छठ पर्व को यथा संभव अपने अपने घरों में ही मनाने हेतु विभिन्न माध्यमों से आग्रह तथा प्रेरित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि गया ज़िला अंतर्गत सूर्यकुंड, केंदुई घाट एवं अन्य स्थलों पर छठ पर्व नहीं मनाने का निर्णय लिया गया है। ज़िला पदाधिकारी, गया द्वारा समीपवर्ती ज़िले (झारखंड सहित) के जिला पदाधिकारी/उपायुक्त से भी अनुरोध किया गया है कि कोविड 19 के संक्रमण में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए ऐसी छठ व्रती जो अन्य जिलों (झारखंड राज्य सहित) से इस ज़िले में छठ पर्व मनाने आते हैं, उन्हें भी अपने घर पर ही छठ पर्व मनाने हेतु प्रेरित किये जाने की आवश्यकता है। ज़िला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक लोगों को घर पर ही छठ पर्व करने हेतु पूजा आयोजन समिति एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुनिश्चित किया जा रहा है। सम्पूर्ण ज़िला में कही भी छठ के दौरान भोज/प्रसाद वितरण/सांस्कृतिक कार्यक्रम/मेला इत्यादि का आयोजन नहीं किया जाएगा। ज़िला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत को निदेश दिया गया है कि वे अपने स्तर से छठ व्रतियों, पूजा समितियों से अनुरोध करे कि वे कोरोना संक्रमण को देखते हुए अपने घर पर ही छठ पर्व मनावे। 
                ज़िला प्रशासन द्वारा अनुरोध किया गया है कि छठ व्रती अपने घर पर ही सीमित संख्या में लोगों की मौजूदगी में छठ पर्व का आयोजन करे। साथ ही मास्क का उपयोग एवं सामाजिक दूरी का अनुपालन अवश्य किया जाए ताकि कोविड 19 का संक्रमण और अधिक फैलने से रोका जा सके।  
                ज़िला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष को निदेश दिया है कि वे अपने अपने क्षेत्रों में चैती छठ पर्व को मनाने हेतु लोगों को प्रेरित करें। साथ ही माइकिंग के माध्यम से भी लोगों को छठ पर्व यथासंभव घर पर ही करने संबंधी सूचना से लोगों को अवगत करावे।