राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस, 2021 के अवसर पर राष्ट्रीय पंचायत पुरुस्कार, 2021 का आयोजन

दिनेश कुमार पंडित गया बिहारराष्ट्रीय पंचायती राज दिवस, 2021 के अवसर पर राष्ट्रीय पंचायत पुरुस्कार, 2021 का आयोजन माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में वेबकास्टिंग के माध्यम से कृषि भवन, नई दिल्ली से किया गया।
              विदित हो कि जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पंचायत स्तर पर किए उल्लेखनीय कार्य तथा विकास योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु नगर प्रखंड तथा इमामगंज प्रखंड को पंचायत राज मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा *नेशनल पंचायत अवॉर्ड* दिया गया।
              पंचायत समिति स्तर में गया नगर तथा इमामगंज प्रखंड को तथा इमामगंज प्रखंड के औरावन पंचायत को यह अवार्ड मिला है।
               इसी उपलक्ष्य में आज वेबकास्टिंग के माध्यम से पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
               माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार श्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी माननीय मुख्यमंत्री, पुरुस्कृत प्रखण्डों के माननीय प्रमुख, मुखिया, जनप्रतिनिधि एवं देशवासियों को *राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस, 2021* की शुभकामना एवं बधाई दी। माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना का कहर पूर्व से ज़्यादा खतरनाक है, हमे बहुत ही सावधानीपूर्वक, सचेत होकर रहने की आवश्यकता है। उन्होंने देशवासियों से अपील किया है कि बेवजह घर से बाहर न निकले और जब भी बाहर निकले मास्क का प्रयोग तथा सामाजिक दूरी का अनुपालन करे। साथ ही सैनिटाइजर/साबुन से हाथों को धोते रहे एवं कोविड टीका अपनी बारी आने पर आवश्यक लें। उन्होंने टीका के बारे में बताया कि जो भी व्यक्ति कोविड से बचाव का दोनों खुराक का टीका लिया है, वह कोरोना संक्रमण से काफी हद पर लड़ सकता है, उसके अंदर रिकवरी होने की क्षमता अधिक हो जाती है। उन्होंने बताया कि 1 मई से पूरे देश मे 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए निःशुल्क कोविड का टीका दिया जाएगा। *जब पंचायत आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा*। उन्होंने सभी लोगों से अपील किया कि कोविड का टीका अवश्य लें। माननीय प्रधानमंत्री द्वारा दीन दयाल उपाध्याय सशक्तिकरण पुरस्कार में चयनित प्रतिनिधि के बैंक खाता में पुरस्कार राशि का ऑनलाइन अंतरित बटन दबाकर किया गया। उन्होंने कहा कि गांव के विकास का लक्ष्य तय करे एवं समय सीमा में पूरा करें। 
                कार्यक्रम में माननीय मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, भारत सरकार श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने वेबकास्टिंग से जुड़े माननीय प्रधानमंत्री, माननीय मुख्यमंत्रीगण, माननीय उपमुख्यमंत्रीगण, पंचायती राज मंत्रीगण, पदाधिकारियों, पुरुस्कृत पंचायतों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वामित्व योजना के तहत चिन्हित 7 राज्यों के 5002 गांवों के 4,09,945 लोगों को *प्रॉपर्टी कार्ड (मालिकाना हक का कार्ड)* का वितरण, पंचायत समिति के उत्कृष्ट कार्य के लिए दीन दयाल उपाध्याय सशक्तिकरण पुरस्कार का वितरण एवं पुरस्कृत राशि का ऑनलाइन अंतरित माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कर कमलों से किया जाना है। उन्होंने बताया कि आज इस अवसर पर देश के 5,70,000 लोगों ने वेबकास्टिंग से जुड़ने के लिए पंजीकरण कराया है, ये काफी प्रसन्नता की बात है। 
                गया ज़िले से संबंधित नगर प्रखंड की प्रमुख श्रीमती सुचिता रंजिनी, इमामगंज प्रखंड की प्रमुख श्रीमती कलावती देवी, नगर प्रखंड के औरावन पंचायत की मुखिया श्रीमती इंदु देवी को कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र दिया गया।
                गया ज़िला में वेबकास्टिंग से जुड़े नगर प्रखंड की प्रमुख श्रीमती सुचिता रंजिनी, इमामगंज प्रखंड की प्रमुख श्रीमती कलावती देवी, नगर प्रखंड के औरावन पंचायत की मुखिया श्रीमती इंदु देवी, अपर समाहर्त्ता, गया श्री मनोज कुमार, निदेशक, डीआरडीए श्री संतोष कुमार, प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी, नगर, श्रीमती अनिता कुमारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी/जनप्रतिनिधि ने भाग लिया।