खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की

गया, 12 मई, 2021, 
रिपोर्टः डीके पंडित
गयाबिहार
जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं के हड़ताल के मद्देनजर, ज़िले में कोरोना संक्रमण को देखते हुए आपदा के समय मे गरीब लोगों को ससमय माह मई एवं जून के मुफ्त अनाज उपलब्ध कराना आवश्यक है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने कहा कि व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर हमे ज़रूरतमंद लोगो की सहायता/सहयोग करना आवश्यक है। अभी के समय हड़ताल का आह्वान पूरी तरह गलत है। मानवता को ध्यान में रखकर हड़ताल को वापस लेना अनिवार्य है, इसे किसी भी परिस्थिति में सही नहीं ठहराया जा सकता है।
              जिला पदाधिकारी ने कहा कि पॉस मशीन के द्वारा राशन देना सरकार का निर्णय है। अनाज की कालाबाजारी रोकने हेतु पॉस सिस्टम लागू किया गया है। अगर जो लोग पॉस मशीन का विरोध कर रहे है, उनकी मंशा अनाज की कालाबाजारी करना है। 
               कोरोना काल में गरीब उपभोक्ताओं को माह मई एवं जून का राशन मुफ्त देने का निर्णय सरकार द्वारा लोगो को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से किया गया है। अगर कोई डीलर इस समय मुफ्त अनाज का वितरण नहीं करेंगे तो उनपर आवश्यक वस्तु अधिनियम/आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई होगी।
               जिला पदाधिकारी ने कहा कि अभी लोग दवा और ईलाज़ के लिए परेशान हैं, ऐसी स्थिति में हड़ताल का आह्वान किसी भी रूप में सही नही है। 
               बैठक में उपस्थित एमओ/एजीएम द्वारा बताया गया कि कुछ डीलर गोदाम से अनाज उठाव का विरोध कर रहे है, जिससे अनाज का उठाव एवं वितरण प्रभावित हो रहा है। जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं एमओ/एजीएम को निदेश दिया कि जो व्यक्ति अनाज उठाव एवं वितरण कार्य मे व्यवधान उत्पन्न कर रहे है, उनपर प्राथमिकी दर्ज करावे। साथ ही उन्हे नोटिस देकर स्पष्टीकरण पूछते हुए जीविका एसएचजी डीलर की नियुक्ति करें। उन्होंने निदेश दिया कि माह मई एवं जून के मुफ्त अनाज लोगो तक पहुँचे, इसे सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं पणन पदाधिकारी सुनिश्चित करें। 
               जिला पदाधिकारी ने अनाज के उठाव एवं वितरण की विस्तृत समीक्षा करते हुए निदेश दिया कि जो लोग अपने स्वार्थपूर्ति में लगे हुए हैं, जिला प्रशासन उनके साथ किसी प्रकार की सहानभूति न करते हुए सख्त कार्रवाई करेगा।
               विदित हो कि पिछले सप्ताह जन वितरण प्रणाली के डीलर एसोसिएशन के साथ बैठक करते हुए जनहित में उनसे हड़ताल समाप्त करने का अनुरोध किया गया था। 
               बैठक में अपर समाहर्त्ता (विभागीय जांच), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, सभी एमओ, सभी एजीएम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।