जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल, शेरघाटी का औचक निरीक्षण


रिपोर्टः
दिनेश कुमार पंडित
गयाबिहार
कोविड 19 वैश्विक महामारी से बचाव एवं इसके प्रसार को नियंत्रित करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, गया श्री अभिषेक सिंह द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल, शेरघाटी का औचक निरीक्षण किया गया। 
                     निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कोविड वार्ड का जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निदेश दिया कि अस्पताल परिसर एवं वार्डों का नियमित साफ सफाई कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वार्डों में पर्दा, बेड के लिए चादर तथा चादर की नियमित सफाई एवं जिस वार्ड में महिला/पुरुष दोनों भर्ती हैं, उस वार्ड में बेड स्क्रीन लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निदेश दिया कि भर्ती मरीज के परिजन को वार्ड में जाने पर रोक लगाया गया है। यदि कोई परिजन को वार्ड में जाने की ज़रूरत पड़े, तो प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से अनुमति के बाद यूनिवर्सल प्रोटेक्शन किट पहनकर जाने की इजाज़त होगी। उन्होंने निदेश दिया कि भर्ती मरीज के परिजनो के लिए भोजन सामुदायिक रसोई से पैकेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि अस्पताल में 15 मरीज भर्ती है, जिन्हें केवल कोरोना लक्षण है, परंतु सभी नेगेटिव हैं। 
                     जिला पदाधिकारी द्वारा वार्ड में लगे ऑक्सीजन सप्लाई का निरीक्षण किया। उन्होंने निदेश दिया कि जो मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, उनका ऑक्सीजन लेवल ऑक्सीमेटर से चेक करते रहे एवं ऑक्सीजन सपोर्ट हटाकर भी ऑक्सीजन लेवल चेक करें। यदि ऑक्सीजन सपोर्ट हटाने के बाद ऑक्सीजन लेवल 94 या उससे अधिक रहता है, तो संबंधित मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट से हटाया जाए। 
                     जिला पदाधिकारी ने शेरघाटी के अंचलाधिकारी को निदेश दिया की जिस क्षेत्र में पिछले 4-5 दिनों में अधिक पॉजिटिव मामले आ रहे हैं, उस क्षेत्र में स्वास्थ्य टीम को भेजकर शत प्रतिशत कोविड जांच कराना सुनिश्चित करें। साथ ही ग्रामीण चिकित्सक से समन्वय स्थापित कर संक्रमित क्षेत्र में कोविड जांच कराना सुनिश्चित करेंगें। 
                     इसके उपरांत इमामगंज प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि अस्पताल में कोविड से संक्रमित मरीजों के लिए सभी प्रकार की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में पर्याप्त संख्या में बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, पाइपलाइन ऑक्सीजन, दवा, कोविड टेस्टिंग किट की व्यवस्था है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जो भी लोग कोविड टेस्ट करवाने यहां आते हैं, यदि उनका जांच परिणाम पॉजिटिव पाया जाता है, तो उन्हें उसी वक्त मेडिकल किट देना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्हें अस्पताल से होम आइसोलेशन के लिए वाहन से भेजवाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने आशा/ एएनएम को ओम आइसोलेशन में रह रहे लोगों के हाल-चाल लेते समय ऑक्सीमीटर से उनका ऑक्सीजन लेवल अवश्य मापे। *उन्होंने निर्देश दिया कि कोविड टेस्टिंग सेंटर के बाहर एक सूचना प्रदर्शित करें कि कोविड टेस्ट होने के 30 मिनट बाद जांच परिणाम एवं जांच परिणाम रसीद दिया जाएगा, कृपया इंतजार करें।* 
                     इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा मध्य विद्यालय, इमामगंज में बने सामुदायिक रसोई का जायजा लिया। जायजा के क्रम में उन्होंने बने भोजन की गुणवत्ता को देखा एवं मेनू के अनुसार भोजन बना हुआ पाया। *आज का दोपहर का भोजन मेनू के अनुसार दाल, चावल, चना-आलू की सब्ज़ी एवं सलाद था।* जिलाधिकारी ने रसोइया को निदेश दिया कि साफ सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए, इसे सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने निदेश दिया कि भोजन करने वाले लोगों का प्रतिदिन रजिस्टर में उनका नाम, पता एवं आधार नंबर अवश्य दर्ज करें। 
                     इसके पश्चात डुमरिया प्रखंड स्थित आईटीआई, मैगरा में बने कोविड केयर सेन्टर का निरीक्षण किया गया। बताया गया कि कोविड केयर सेन्टर में 50 बेड की क्षमता है, जिसमे कोविड मरीजो के लिए ऑक्सीजन, बेड, पर्याप्त दवा एवं कोविड टेस्टिंग किट के बारे में जानकारी दिया गया। जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि कोविड केयर सेन्टर की नियमित साफ सफाई, चादर की सफाई, भर्ती मरीजो एवं उनके परिजनों के लिए भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। 
                     इसके उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरिया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कोविड टेस्टिंग सेन्टर में चल रहे कोविड जांच का जायजा लिया। लैब टेक्नीशियन द्वारा बताया गया कि आज 51 लोगों का कोविड जांच किया गया, जिसमें मात्र 01 पॉजिटिव परिणाम आया है। ज़िला पदाधिकारी द्वारा स्वयं का भी कोविड जांच हेतु सैंपल दिया गया एवं नेगेटिव परिणाम पाया गया। 
                     निरीक्षण में सिविल सर्जन, अनुमण्डल पदाधिकारी शेरघाटी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, शेरघाटी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, इमामगंज/डुमरिया, अंचलाधिकारी, इमामगंज/डुमरिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी/चिकित्सक मौजूद थे।